अमित:

सभी युवा साथियों को खेमराज की कहानी जानना ज़रूरी है। पढ़ें और अपनी टिप्पणी लिखें।

“The true revolutionary is guided by a great feeling of love. It is impossible to think of a genuine revolutionary lacking this quality.” – Che Guevara 

1982. शायद जनवरी या फ़रवरी। राजस्थान के SWRC -अब बेयरफ़ुट काॅलेज- का कदमपुरा फ़ील्ड सेन्टर।

क्रांति और क्रांतिकारिता का पहला चेहरा, मेरे जीवन में, खेमराज का ही था। बाइस साल की उम्र में, खेमराज ही मेरे लिये स्पार्टाकस था और वह ही चे गुवेरा। खेमराज जो 300 रु. तनख्वाह का अधिकांश हिस्सा पार्टी को चंदा दे देता था।

खेमराज जो पाउडर भरने वाली बंदूक लेकर ट्रैक्टर पर रात भर घूमा, खरगोश मारने के लिये, क्योंकि अमित को खरगोश का माॅंस खिलाना था। खेमराज जो फ़ील्ड सेन्टर प्रमुख होने के बावजूद घंटों तक सहकर्मियों के साथ हॅंसी-ठठ्ठा कर लेता था।

खेमराज जो लठ्ठ लेकर राजपूतों से अड़ जाता था क्योंकि उन्होने दलितों के लिये लगाए गए हैण्डपम्प पर कब्ज़ा कर लिया था और उतनी ही सहजता से किसी अंजान घर में नाक बहते, मिट्टी में लतपथ, नंगे, रोते हुए बच्चे को गोदी में उठाकर, नाक पोछकर उसे नहला देता था।

खेमराज, जो आदिवासियों के हकों के लिये लड़ते हुए अनेकों बार पीटा गया – कभी सरकारी कर्मचारियों से तो कभी गाॅंव के दबंगों से। दो साल पहले भी मरते-मरते बचा, एक भील के साथ भेदभाव के लिये आवाज़ उठाने पर।

खेमराज जो बड़े-बड़े बुद्विजीवियों या अधिकारियों के लम्बे बखानों के बाद कुछ बुनियादी सवाल खड़े करके उन्हे क्लीन बोल्ड कर देता था।

खेमराज जो पूरी तरह निडर था। शोषण और अन्याय के खिलाफ़ लड़ने का ज़बर्दस्त जस्बा था। और इस लड़ाई को आगे ले जाने के लिये नई रणनीतियाॅं सोचता रहता था। खेमराज एक बहुत ही प्रयोगशील कार्यकर्ता था। खेमराज जो…. और बहुत कुछ था। खेमराज वो शक्सियत थी जिसकी किंवदंतियाॅं बनती हैं, कहानी-किस्से बनते हैं।

वैसे तो खेमराज का संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था। पिता की हत्या के बाद माॅं नें खेमराज को निम्बाहेड़ा कस्बे के किसी सेठ के घर काम करने के लिये रख दिया था। सेठ की लंबी कमीज़ पहनकर उसके बच्चे के साथ वह स्कूल जाने लगा। तेज़ दिमाग के चलते काॅलेज पहुंच गया जहां छात्र संगठन का अध्यक्ष बन गया।

काॅलेज के समय आर.एस.एस. ने अपने साथ जोड़ लिया, जहां कुछ ही समय में ज़िले में प्रमुख भूमिका में आ गया। लेकिन ब्राहमणवादी जातिगत राजनीति उसे रास न आई और गरीबी-अमीरी के सवाल को लेकर प्रचारक से बहस करके आर.एस.एस. से बाहर हो गया।

कई साल SWRC नामक संस्था में बिताने के बाद उसे समझ आया कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सत्ता के केंद्रों को छेड़े बगैर केवल विकास कार्य करते रहने से समाज बदलने वाला नहीं है, न ही ग़रीबों का कुछ भला होने वाला है। यह भी कि संस्था की साधन संपन्नता देखकर लोगों के साथ बराबरी का रिश्ता कायम नहीं हो सकता, हम दाता के रूप में ही बने रहते हैं। इसी समय वामपंथी विचारधारा में उसे गरीबी के कारणों को समझने और उनसे लड़ने की एक अलग दृष्टि मिली।

लोगों के बीच रहकर उनकी ताकत को संगठित कर ज़िंदगी की समस्याएं सुलझाने की एक नई सोच लेकर, एक झोला लटकाए, खेमराज 1982 में देश के सबसे पिछड़े ज़िले झाबुआ की सबसे दूरस्थ तहसील आलीराजपुर के बड़ी वेगल गाॅंव पहुंच गया जहां उसे खेमला के परिवार ने अपने साथ रख लिया। उस समय हमारा आग्रह था कि जैसा जीवन गरीब लोगों का है, वैसा ही हमारा भी होना चाहिये। जुवार का पतला घोल पीना, जंगल से लकड़ी लाना, मज़दूरी करना, ताड़ी पीना, भाषा – यह सब हमने खेमला की पत्नी थावली, उसके पिता चेना और माॅं से वहाॅं रहते हुए सीखा। खेमला की माॅं के साथ वो बहुत मज़ाक करता था। ‘बाबू’ पागल है, कहती थी। लेकिन फिर प्यार से ताड़ी पिलाती थी।

सतपुड़ा की पहाड़ियों में बसे आलीराजपुर ज़िले के आदिवासी गाॅंवों में बहुत सालों तक हम साथ-साथ पैदल घूमे। अंजान गाॅंवों में, अंजान रास्तों पर, अंजान लोगों के बीच दोस्तियाॅं बनाना, उनके घरों में खाना, रात-रात भर बातें करना, कहीं भी सो जाना। उनकी भाषा सीखना। शादियों में नाचना, गीत गाना। जंगलों में भटकना। कहीं भी नदी में नहाने के लिये रूक जाना। सुंदर सुगंधित लम्बे रास्तों पर चलते हुए सोचना कि ये दुनिया कैसे बदलेगी? संगठन कैसे मज़बूत होगा। तरह-तरह की बातें करना। प्यार की, क्रांति की। एक बहुत मस्त फ़कीरी का समय हमने साथ बिताया।

न्यूनतम मज़दूरी से शुरू हुई लड़ाई, आदिवासियों की इज़्ज़त के सवाल को लेकर आगे बढ़ी और धीरे-धीरे खेड़ुत मज़दूर चेतना संगठन बना, जिसने कर्मचारियों और साहूकारों द्वारा आदिवासियों की लूट के खिलाफ़ ज़बरदस्त संघर्ष छेड़ा। झाड़ जंगल कुणिन छे, अमरो छे अमरो छे। ये लूट न पैहा कुणिन छे, अमरा छे अमरा छे के नारे तहत जंगल पर आदिवासियों का हक कायम करने के लिए भी बहुत संघर्ष हुआ। यह नारा आज, देश में प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ लड़ रहे हर संगठन का प्रमुख नारा बन गया है। हालांकि इसके बाद वाले हिस्से को लोग नहीं लगाते।

यह उत्तर भारत में पहला जन संगठन था। उस समय गाँधीवादी संस्थाओं के अलावा न के बराबर स्वयंसेवी संस्थायें थी। गैर पार्टी राजनीति के प्रयोगों में यह बहुत शुरूआती दौर का प्रयोग था। इससे प्रभावित होकर पश्चिम मध्य प्रदेश, राजस्थान आदि जगहों पर संगठनों का सिलसिला बहुत बढ़ गया। बहुत से युवा खे.म.चे.सं. से प्रेरणा लेकर गए और अलग-अलग जगहों पर जन आधारित काम शुरू किए।

लगभग एक दशक आलीराजपुर में काम करने के बाद वे राजस्थान चले गए, जहां जंगल संघर्ष समिति, आदिवासी भील परिषद व खेतिहर खान मज़दूर संगठन बनाए जिसके तहत सैंकड़ों बंधुआ मज़दूर मुक्त करवाए, जंगल के हक दिलवाए व उच्च जातियों द्वारा भीलों के शोषण के खिलाफ ज़ोरदार आवाज़ उठाई। इसमें खाट आंदोलन बहुत मशहूर हुआ। उच्च जाति के लोग भीलों को खाट पर बैठने नहीं देते थे। इस आंदोलन के बाद यह रीति बंद हुई। जातियों में बंटे गाॅंवों में हर समय दबंगों के साथ झगड़े होते रहे।

खेमराज के चरित्र के दो पहलू थे – ज़बरदस्त संघर्षशीलता और उतनी ही तीव्र करूणा।

खेमराज नें क्रांति का पाठ किताबों से नहीं, अपने संघर्षमय जीवन से सीखा। बचपन बेहद गरीबी में बीतने के कारण उन्होनें शोषण के ख़िलाफ संघर्ष करने के साथ साथ मानवीयता से प्रेरित होकर गरीब लोगों के कष्ट दूर करने के लिये राहत के कामों को भी पूरे मन से किया। गत कुछ वर्षों से गाॅंवों में घूमते थे और फ़ेसबुक के माध्यम से अति गरीब, बीमार या परित्यक्त लोगों के जीवन की झलकियाॅं दुनिया से साझा करते थे। इसके कारण बहुत से अनजाने लोग उनसे जुड़ गए, जिन्होंने उनके माध्यम से गरीब परिवारों की मदद करी। इनमें से बहुत से लोगों नें उनके इलाज के लिये भी मदद करी।

पिछले कुछ वर्षों से वे अपने परिवार के साथ मिलकर लड़कियों के लिये आधारशिला बालिका विद्यालय नामक आवासीय स्कूल चला रहे थे, जहां लड़कियों को परिवार की तरह रखकर शिक्षण दिया जाता है। हम लोगों की एक कल्पना थी कि जन संगठनों के भी पूरे देश में स्कूलों की चेन हो। इसलिये अपना अलग नाम रखने के बजाय उन्होने कहा कि मैं भी आधारशिला ही नाम रख देता हॅूं, जिससे पता चलेगा कि हम सब एकसाथ काम कर रहे हैं। इस कल्पना को फिर से बढ़ाने के दिन भी आ गए हैं।

वह वामपंथी विचारों से तो प्रेरित थे ही, कुछ समय के लिये वे बसपा व आम आदमी पार्टी से भी जुड़े। ज़िंदगी भर गैरदलीय राजनीति करने के बाद और इनसे पूर्णतः सहमत न होते हुए भी, इनसे जुड़ने का एक ही कारण था कि किसी भी तरह कुछ वैकल्पिक राजनीति स्थापित हो। यह कसक हर समय हर नए प्रयोग को साथ देने के लिये उन्हे प्रेरित करती थी।

खेमराज, कार्यकर्ताओं के लिये एक प्रेरणा का स्रोत हैं। अंतिम समय में कर्क रोग (कैंसर) से ग्रसित होते हुए भी वह, कीमोथेरेपी के बीच भी गाॅंवों में घूमकर, गरीब से गरीब लोगों के साथ अपनत्व का रिश्ता बनाने में लगे थे। हर परिस्थिती में गरीबों, शोषितों के पक्ष में खड़े रहना और क्रियाशील रहना – यही उनके जीवन का संदेश है।

बहुत ज़िद्दी इंसान था खेमराज। कीमो के पैसे अधिक ले रहा है, इसलिये डाॅक्टर पर आर.टी.आई. करने को तैयार हो गया और कीमो बंद कर दी। बहुत समझाने पर भी दिल्ली के बड़े अस्पताल में आने को राज़ी नहीं हुआ। जब हुआ, तब देर हो चुकी थी। अब लगता है कि क्यों हमने उसकी सुनी। यह दुःख हर समय रहेगा।

मेरा सौभाग्य रहा है कि मैं उनके साथ रहा व उनके मार्गदर्शन में लोगों को संगठित करने और हकों के लिये सरकार से टक्कर लेने के गुर सीखे और मज़े से लड़ना और लड़ाई में मज़ा लेना भी।

Author

  • अमित / Amit

    अमित, सामाजिक परिवर्तन शाला से जुड़े हैं और मध्य प्रदेश के बड़वानी ज़िले में एक वैकल्पिक शिक्षा के प्रयोग पर शुरू हुआ स्थानीय स्कूल – आधारशिला शिक्षण केन्द्र चलाते हैं।

Leave a Reply

Designed with WordPress

Discover more from युवानिया ~ YUVANIYA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading