महेश्वरी:

मैं महेश्वरी हूँ। मेरा जन्म 10 मई 1996 को मेरे गृह ग्राम अलगीडाँड़, जिला कोरबा, छत्तीसगढ़ में हुआ। मेरे पिता जी का नाम श्री सुमेर सिंह मरावी तथा माता जी का नाम श्रीमती जमुना देवी मरावी है। हम पाँच भाई-बहन हैं, जिनमें तीन बहनें और दो भाई हैं। हममें से दो बहनों और एक भाई की शादी हो चुकी है, जबकि मैं और मेरा एक भाई अभी अविवाहित हैं।

बचपन में मैं बहुत ही लड़ाकू स्वभाव की थी। एक बार मैंने अपनी बड़ी दीदी को चाँटा मार दिया था, जिससे उनकी नाक की नथ भी गिर गई थी। जब मैं पाँचवीं कक्षा में पढ़ती थी, तब हमारे प्रधान पाठक, जो गणित के शिक्षक भी थे, गणित का टेस्ट लेने वाले थे। हमारी कक्षा में किसी की भी तैयारी नहीं हुई थी और शिक्षक बच्चों की पिटाई भी करते थे। इसी डर से मैं और मेरी कक्षा के चार दोस्तों ने उनकी कुर्सी पर खुजली वाला पत्ता रगड़ दिया था, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई।

साल 2016 मेरे जीवन का बहुत कठिन समय था। मेरी माता जी की तबीयत बहुत खराब हो गई थी। उनकी स्थिति ऐसी हो गई थी कि उनका लगभग सारा काम बिस्तर पर ही होने लगा था। हमने उनका इलाज वैद्य, कई डॉक्टरों और जंगली जड़ी-बूटियों से भी कराया, लेकिन कोई विशेष परिणाम नहीं मिला। लगभग 6–7 वर्ष बाद, वर्ष 2023 में पता चला कि कई बार (लगभग 30–35 बार) सोनोग्राफी कराने के बाद उनकी बाईं ओर की किडनी का दशमलव एसएम हिस्सा सिकुड़ गया है। फिलहाल, हाल ही में उनका स्वास्थ्य लगभग 75 प्रतिशत तक ठीक है।

इस दौरान मुझे भी जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घर की ज़िम्मेदारियाँ मेरे ऊपर आ गईं। मुझे घर संभालना, माँ की देखभाल करना, खेतों में काम करना, नरेगा में काम करना और साथ ही अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करनी पड़ी।

मुझे बाइक चलाना बहुत पसंद है, लेकिन एक बार बाइक से गिर जाने के बाद घरवालों ने मेरा बाइक चलाना बंद करवा दिया। उसके बाद पापा ने मुझे एक स्कूटी दिला दी। हाल ही में, 15 दिसम्बर 2025 को मेरा एक्सिडेंट हो गया, जिसमें मेरी बाईं आँख के नीचे चार टाँके लगे और भौंह पर भी टाँके लगे।

मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि मेरे पापा ने मेरे भाई और मुझे हमेशा एक जैसी आज़ादी दी। अब मेरी इच्छा है कि मैं उनके सपनों को पूरा करूँ। मैं मानती हूँ कि मेरे पापा बहुत कुछ पाने के हकदार हैं, लेकिन अभी तक मैं उन्हें अपने ऊपर गर्व महसूस कराने का अवसर नहीं दे पाई हूँ।

फिलहाल घर की लगभग सारी ज़िम्मेदारियाँ मेरे ऊपर हैं। भाई की पढ़ाई, खेती-बाड़ी और घर के अन्य कार्यों की जिम्मेदारी भी मैं निभा रही हूँ। मुझे दौड़ना, नई-नई जगह घूमना और दोस्तों के साथ समय बिताना बहुत अच्छा लगता है। वर्तमान में मैं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हूँ।

एक और बात, मेरे घर में सभी लोग शाकाहारी हैं। केवल मैं ही ऐसी हूँ जो मांस, मछली और अंडा खाती हूँ। इस बात पर घर वाले मज़ाक में कहते हैं कि मैं गलती से उनके घर में पैदा हो गई हूँ।

मेरा सपना है कि मैं अपने सपनों को अपने तक ही सीमित रखूँ। जब मेरे सपने पूरे हो जाएँगे, तब उन्हें दुनिया के सामने प्रकट करूँगी।

Author

  • महेशवरी मरावी / Maheshvari Maravi

    महेश्वरी छत्तीसगढ़ के कोरबा ज़िले से हैं। वर्तमान में महेश्वरी राज्य स्तरीय सामाजिक परिवर्तन शाला की प्रतिभागी हैं। वे शिक्षा, युवाओं के अनुभवों और आदिवासी समुदाय की चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार और अनुभव साझा करती हैं।

    View all posts

Leave a Reply

Designed with WordPress