ज्ञान सिंह:

भारत की आदिवासी संस्कृति सदियों से प्रकृति के साथ जीते हुए विकसित हुई है। यहाँ समाज का संचालन किसी लिखित संविधान से नहीं, बल्कि परंपराओं, मान्यताओं और सामूहिक विश्वासों पर चलता है। मेरे गृह ज़िले के आदिवासी गाँवों में सामाजिक ढाँचा पूरी तरह से सह-अस्तित्व, न्याय, समानता और समुदाय के हित पर खड़ा है। गाँव की व्यवस्था में कुछ महत्वपूर्ण भूमिकाएँ होती हैं, जो मिलकर न सिर्फ स्थानीय शासन संभालती हैं बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों का भी ध्यान रखती हैं। यह पूरी व्यवस्था आज के आधुनिक समाज के लिए एक बड़ी सीख हो सकती है।

पटेल – गाँव का मुखिया: पटेल गाँव का सर्वोच्च निर्णयकर्ता होता है। किसी भी विवाद या घटना की जानकारी सबसे पहले उसे ही दी जाती है। वह दोनों पक्षों की बात सुनता है और अनुभवी बुजुर्गों की राय लेकर सामूहिक भलाई के आधार पर फैसला देता है। पटेल का निर्णय अंतिम माना जाता है और पूरा गाँव उसे स्वीकार करता है।

चौकीदार – सूचना पहुँचाने वाला: किसी भी घटना या निर्णय की जानकारी पटेल तक पहुँचाने के बाद चौकीदार पूरे गाँव में संदेश फैलाता है। वह समुदाय को जोड़ने का काम भी करता है।

गाँव के बुजुर्ग – परंपरा और ज्ञान के संरक्षक: जब पंचायत सभा लगती है, तो सबसे पहले बुजुर्ग अपने विचार रखते हैं। वे अनुभव के आधार पर सही–गलत का मार्गदर्शन करते हैं और गाँव के लिए दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुजारा – आस्था और संस्कृति का संरक्षक:  आदिवासी जीवन में त्यौहार सिर्फ़ उत्सव नहीं होते, बल्कि सामूहिक एकता का प्रतीक होते हैं। दिवाली, होली, करम, सरहुल जैसे पर्वों पर पुजारा सामूहिक पूजा करवाता है और पूरे गाँव को साथ लाता है।

बड़वा – प्राकृतिक उपचार जानने वाला: बड़वा जड़ी-बूटियों और पारंपरिक उपचार पद्धतियों का जानकार होता है। गाँव में कोई बीमार पड़ता है तो सबसे पहले लोग बड़वा के पास ही जाते हैं, जो प्राकृतिक औषधियों से निशुल्क इलाज करता है।

सरपंच – सरकारी व्यवस्था का प्रतिनिधि: सरपंच आधुनिक प्रशासनिक ढाँचे का हिस्सा है, लेकिन अब गाँव की व्यवस्था में उसकी भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। वह सरकार और गाँव के बीच पुल का काम करता है, योजनाओं को लागू करवाता है और लोगों को उनका हक़ दिलाने में मदद करता है।

आदिवासी समाज की यह पूरी संरचना हमें बताती है कि समुदाय के भीतर भरोसा, सहभागिता और साझा ज़िम्मेदारी कैसे पीढ़ियों से बनी रहती है – और यह प्रणाली आज भी कई जगहों पर एक प्रेरणा बन सकता है।

Author

  • ज्ञान सिंह / Gyaan Singh

    ज्ञान सिंह, मध्य प्रदेश के अलीराजपुर ज़िले से जुड़े एक युवा सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो आदिवासी समुदायों के बीच संगठन, शिक्षा और अधिकारों के मुद्दों पर काम करते हैं। वे खेडुत मज़दूर चेतना संगठ के सदस्य हैं और ज़मीनी अनुभवों को लेखन के माध्यम से सामने लाने का प्रयास करते हैं। उनकी कोशिश रहती है कि आदिवासी समाज की आवाज़ और सोच व्यापक समाज तक पहुँचे।

    View all posts

Leave a Reply

Designed with WordPress

Discover more from युवानिया ~ YUVANIYA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading