विकास:
जमशेदपुर (झारखंड): विश्वप्रसिद्ध वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन की 147वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सिलपहाड़ी गाँव, पलासबानी पंचायत (NH-33) में खगोलविज्ञान पर चर्चा एवं टेलिस्कोप के माध्यम से आकाश दर्शन (Sky Watching) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बिदू चांदान ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एंपावरमेंट तथा Breakthrough Science Society के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में आसपास के कई गाँवों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं अन्य ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रतिभागियों को दिल्ली यूनिवर्सिटी के पीएचडी शोधार्थी शुभम तन्मय द्वारा खगोल विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं, यूनिवर्स, हमारे ग्रह-नक्षत्रों और अन्य आकाशीय पिंडों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। बच्चों को खेल के माध्यम से चंद्र ग्रहण और सूर्य ग्रहण आदि के बारे में भी बताया गया। उन्होंने वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान और उनके प्रसिद्ध सिद्धांतों जैसे सापेक्षता सिद्धांत (Theory of Relativity) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान आइंस्टीन से जुड़ी पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण Breakthrough Science Society द्वारा टेलिस्कोप के माध्यम से कराया गया Sky Watching था, जिसमें लोगों ने आकाश में दिखाई देने वाले ग्रहों और तारों को नज़दीक से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। Breakthrough Science Society की टीम ने अंतरिक्ष से जुड़े रोचक तथ्यों को साझा किया तथा समाज में फैले विभिन्न अंधविश्वासों के बारे में बच्चों से संवाद भी किया।
इस अवसर पर स्थानीय आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों तथा युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तर्कशील सोच विकसित करने में सहायक होंगे। बच्चों में विज्ञान के प्रति उत्साह और जिज्ञासा को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय छात्रों, ग्रामीणों और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसने इस आयोजन को सफल और प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में Breakthrough Science Society की ओर से डॉ तरुण कुमार महतो, पतित कुइला, युधिष्ठिर महतो, सोनी सेनगुप्ता तथा विप्रा फाउंडेशन की ओर से प्रकाश, विकास और प्रज्ञा सिंह उपस्थित थे। इसके अलावा फादर एलेक्स, शुभम तन्मय, अर्जुन सोरेन, सुखलाल, डॉ. रत्नेश कुमार, मनोज कुजूर, अवांग कोन्याक, अंकुर शाश्वत, विकास कुमार एवं बिदू चांदान ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एंपावरमेंट से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।








Leave a Reply