Site icon युवानिया ~ YUVANIYA

विद्युतचुम्बकीय प्रेरण – एक कविता 

श्रुतिका साह:

सुनो,

तुम पर लिखी जा सकती है
इस दुनिया की
सबसे खूबसूरत कविता।

जानते हो क्यों?

क्योंकि

तुम्हारे मखमली बदन
के भीतर अधिवेशित है
इस ब्रह्माण्ड का
सबसे निश्छल अंतस्।

पर मुझे डर है,

कहीं उस कविता को पढ़कर
दुनिया की
तमाम साहित्यिक स्त्रियाँ
तुम्हें पा लेने की
हठ न कर बैठें।

कहीं कोई
भौतिक विज्ञान की शिक्षिका
विद्युतचुम्बकीय प्रेरण के
जटिल व्याख्यानों को
थोड़ा सहज बनाने के लिए,

तुम्हारी खूबसूरत आँखों का
उदाहरण
अपनी कक्षाओं में देकर,

स्वप्रेरकत्व और अन्योन्य प्रेरकत्व के मध्य
संबंध न स्थापित कर दे!

अन्यथा
इस असमंजस से भरे
विचार से परे
तुम पर लिखी जा सकती है
इस दुनिया की
सबसे खूबसूरत कविता।

Author

  • श्रुतिका साह द्वाराहाट अल्मोड़ा (उत्तराखंड) की रहने वाली हैं। इनहोनें भौतिक विज्ञान में परास्नातक किया है। वर्तमान में अभी वे जिम कॉर्बेट इंटरनेशनल स्कूल बागेश्वर उत्तराखंड में शिक्षिका हैं। और साथ ही उन्हें 2021 में काव्य श्री (विश्व रिकॉर्ड कवि सम्मेलन) में सम्मानित किया गया। 

    View all posts
Exit mobile version