Site icon युवानिया ~ YUVANIYA

माँ, देवी, खून और मैं

राधा प्रजापत:

यह कहानी ‘एक औरत की है, यह कहानी ‘मेरी’ है। श्रुति से जुड़ने के बाद मेरा पहला फील्ड विजिट बिहार राज्य के गया जिले का रहा, नई संस्था, नया राज्य, नया जिला, नए लोग, और ये अनुभव, सब नया था मेरे लिए। इस विजिट के दौरान मैं बिहार की बोली, भाषा, खान-पान और रहन-सहन से परिचित हुई, जो मेरे लिए बिल्कुल नया था। इस विजिट के जरिए मैं धरातल के उन पहलुओं से परिचित हुई जो शायद बड़े शहर के लोग कभी नहीं समझ पाएंगे, वहाँ जा कर मैं उन चुनौतियों से अवगत हुई जो वहाँ के लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है, चाहे वो अपने ज़मीन की लड़ाई हो, स्वास्थ्य हो, शिक्षा हो, या आजीविका पर।

 मेरी समझ के अनुसार इन सब में सबसे महत्वपूर्ण लड़ाई वो है जो महिलाएं ख़ुद से लड़ रही हैं, प्रत्येक महिला, चाहे वो एक किशोरी हो, एक गर्भवती महिला या एक बुजुर्ग अम्मा, अपने–आप से जूझ रही हैं। देखा जाए तो उस क्षेत्र का हर इंसान, हर दिन अपनी एक लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन जब महिलाओं की बात आती है, तो उनकी दिक्कतों के ऊपर किसी का ध्यान नहीं जाता, कोई उनके बारे में नहीं सोचता। ये पितृसत्ता समाज में रहने का अभिशाप है, जहाँ शायद एक महिला भी अपने बारे में सोच ही नहीं पाती कि कैसे वो ख़ुद को बेहतर बना कर रखे। इस समाज ने कभी उसे ये बताया ही नहीं की उसे अपने ऊपर भी ध्यान देना है, इस कायर समाज ने ये बातें कभी महिलाओं के दिमाग में आने ही नहीं दी, इस समाज में पति परमेश्वर होता है ना, इसलिए। इस समाज में महिलाओं को घर की जिम्मेदारियों में इतना उलझा दिया जाता है कि वो खुद पर ध्यान ही नहीं दे पाती हैं, और शायद ही कोई ‘मर्द-परमेश्वर’ कभी उनकी और उनकी दिक्कतों पर ध्यान भी देता है, पता नहीं?

यहाँ मैं बात कर रही हूँ माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन की, जिसे आज भी गन्दा माना जाता है। माहवारी को गंदे नज़रिए से देखा जाता है। इस महत्वपूर्ण विषय पर कोई बात नहीं करना चाहता और इसे एक तुच्छ अवस्था समझ कर सभी से छुपाया जाता है। माहवारी प्राकृतिक है, उसी के वजह से एक औरत माँ बनती है और माहवारी को आज भी हर क्षेत्र में, चाहे वो ग्रामीण हो या शहरी, पता नहीं क्यों पुरुषों और अन्य लोगों से इसे छुपाकर रखा जाता है। आज भी माहवारी पर बात करना बहुत संघर्षपूर्ण है, फिर चाहे आप कितने भी प्रगतिशील वर्ग से क्यों ना आते हो, उसे “दैट टाइम ऑफ़ द मंथ” बोल कर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। माहवारी को गन्दा खून समझा जाता है, जबकि वो हमारे शरीर की एक प्रक्रिया है, हमारे ही शरीर का एक हिस्सा है, एक भाग है।

इस फील्ड विजिट के दौरान, हम संगठन के कुछ साथियों के साथ लखयपुर गए, जहाँ हम किशोर जी (काल्पनिक नाम) के घर पर गए, किशोर जी के घर पर कुछ देर के लिए ठहरने का मौक़ा भी मिला। उन्होंने हमें चाय पिलाई, साथ में नमकीन, और सेब भी दिया। इलाके के बाक़ी लोगों की तुलना में, उनका घर पैसों से काफ़ी समृद्ध था, बहुत बड़ी और सुंदर पक्की इमारत थी, घर में सारी आधुनिक सुविधाएँ थी। पूछने पर पता चला की, किशोर जी पेशे से शिक्षक थे, पर उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी है, अब उनकी ख़ुद की सोना-चाँदी की दुकान है, और वो संगठन से भी जुड़े हुए हैं, बात-विचार से मुझे वो काफी पढ़े-लिखे और सुशील व्यक्ति लगे, किशोर जी की पत्नी पेशे से पंचायत की सचिव हैं।

फील्ड विजिट के दौरान मुझे शौचालय जाना था तो गाँव की एक महिला मुझे खेत में ले गई, सफ़र में मैंने उनसे पूछ लिया की माहवारी के समय महिलाएं कपड़े का प्रयोग करती है या पैड का? उन्होंने बताया कि पैड वितरण होते तो हैं, लेकिन हमेशा नहीं, गाँव की अधिकतर महिलाएं कपड़े का ही उपयोग करती है। मैंने उनसे फिर एक सवाल पूछा, महिलाएं माहवारी के अंत होने के बाद कपड़े को धोकर, सुखाती है, या फेंक देती हैं? उन्होंने बताया कि कपड़े को धोकर वो पुरुषों की नज़र से काफी दूर छुपाकर रखती हैं। गाँव में पैड को कहीं भी नहीं फेंक सकते, अगर फेकेंगे तो गाय या बकरी के मुंहमें जायेगा और उससे वो मर सकती हैं। इस वजह से भी और कई सालों से हम कपड़ा ही लगाते आये हैं, और हम उसी को लगाते है (वाह रे समाज, औरत मर जाए तो कोई बात नहीं, गाय-बकरी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। एक गड्ढे या कूड़ेदान से औरतों की दिक्कत ख़त्म हो सकती है, पर ‘मर्द-परमेश्वर’ ये क्यों करेंगे, और ना ही महिलाओं को करने देंगे)।

मेरी माहवारी का दूसरा दिन था, बासुकुड़ा गाँव में मुझे जब माहवारी आई तो मुझे पैड लगाने के लिए खुले में खेत पर जाना पड़ा, शर्म और डर चरम पे था, पहली बार पैड लगाने में इतनी हिचक हो रही थी, डर लग रहा था कहीं कोई देख ना ले, कोई (मर्द) वीडियो ना बना ले। इस डर के कारण मैं अपने निजी अंग की ठीक से सफाई नहीं कर पाई।

अब लखयपुर वाले घटना पर वापस आती हूँ। जब मैं और मेरे साथी लोग लाखयपुर गाँव में पहुंचे तो हम किशोर जी के घर कुछ समय के लिए ठहरे, मुझे लगा की पढ़े-लिखे लोग हैं, घर भी इतना साफ़ है तो बाथरूम भी साफ़ होगा। मुझे लगा की मैं बिना डरे और बिना किसी शर्म के बाथरूम में जाकर अपना पैड बदल सकती हूँ और मैं गई पैड बदलने, अपने आप को पूरी तरह से साफ़ किया और मैं बाहर आ गई। जब मैं बाथरूम से बाहर निकली और सचिव मैडम से एक अख़बार का टुकड़ा माँगा, तो जवाब आया – “लेकिन आपको अख़बार क्यों चाहिए” उनके ये पूछने पर मैंने बताया की मुझे माहवारी आई है और मुझे अपने पैड को अख़बार में लपेटना है। यह सुन कर सचिव मैडम का व्यवहार मेरे लिए बदला-बदला सा दिखाई दिया जैसे मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई हो या मैंने कोई पाप कर दिया हो। मुझे एक पल के लिए लगा इतने पढ़े-लिखे लोग हैं, इतना बढ़िया घर है तो उनकी सोच भी प्रगतिशील होगी, लेकिन, मैं वहाँ गलत थी, उनके बाथरूम में पैड बदल कर मैं उनकी गुनाहगार हो चुकी थी।

जब मैंने उन्हें कहा कि मुझे हाथ धोने है, तो उन्होंने मुझे कहा कि नल को उँगलियों से मत छुना हमारे घर के पुरुष इसी नल से हाथ-मुँह धोते हैं। डर लगा, पर, मैंने जैसे-तैसे करके अपने हाथ धोये और मैं बेंच जाकर बैठ गई, जहाँ सारे साथी बैठे थे। शुरुआत मैं जब मैं सचिव मैडम से मिली तो वो मुझे शांत स्वभाव वाली और समझदार लगी, लेकिन जब माहवारी की बात उनके कानों में गई तो उनका मेरे प्रति व्यवहार अजीब तरह का बन गया था, शायद दुश्मन बन गई थी मैं उनकी, जिसने उनके घर के रिवाज़ को तोड़ा था, उनके घर को अपवित्र किया था।

किशोर जी का परिवार काफ़ी धार्मिक भी लगा, घर में एक छोटा सा मंदिर था, महसूस हुआ की वो लोग हर रोज पूजा भी करते होंगे। इस देश में एक जगह है असम में, कामाख्या मंदिर, थोड़ा पढ़ने पर पता चला की धार्मिक कहानियों की माने तो जब विष्णु ने सती के मृत शरीर के टुकड़े किए, तो सती की योनी वर्तमान असम के एक हिस्से में जा कर गिरी, और तब से वो मंदिर एक शक्तिपीठ के रूप में स्थापित हो गया, जिसे कामख्या मंदिर के नाम से जाना जाता है। धार्मिक लोग कई संख्या में वहाँ दर्शन करने जाते है, मौक़ा मिलने पर किशोर जी और उनकी पत्नी भी जाते, या जा चुके हैं, ये मुझे पता नहीं?

मुद्दे की बात ये है, कामाख्या मंदिर में पूजा स्त्री के यौनि की जाती है। तब किसी को शर्म नहीं आती? ना महिलाओं को और ना ही पुरुषों को, वो देवी की यौनि समझकर उसकी पूजा करते हैं, उसे पवित्र मानते हैं, लेकिन घर की औरत में किसी को देवी नहीं दिखती? मर्दों के लिए औरत की यौनि का मूल्य सिर्फ़ संभोग या बच्चे पैदा करने में ही दिया जाता है, पर जिस प्रक्रिया से वो माँ बनती है, उसे घिन्न के नज़र से देखा जाता है। लोग एक तरफ़ औरतों को देवी का रूप मानते है, उन्हें उसी दर्जे से पूजा भी जाता है, पर जब वो माहवारी में हों, तो सिर्फ़ दुनिया नहीं औरतें तक ख़ुद को अपवित्र मानती हैं, ये कैसा तर्क है, कैसी समझ है?

जब सचिव मैडम ने मेरे साथ भेद-भाव का व्यवहार किया, तो काफ़ी बुरा लगा, गुस्सा भी आया, सोचा उनको पलट कर जवाब दे दूँ, पर अब सोचने पर लगता है कि इस पूरे प्रक्रिया में शायद वो गलत नहीं थी। जब वो किशोरी अवस्था में रही होंगी, तब माहवारी के दौरान उन्हें भी किसी ने जागरूक नहीं किया होगा, किसी ने उन्हें भी नहीं बताया होगा महावारी का महत्व क्या है? उसमें कैसे रहना है, ख़ुद को कैसे साफ़ करना है? शायद उन्हें भी इसी गंदी नज़र से देखा गया होगा, वही समान घिनौना व्यवहार उनके साथ भी किया गया होगा, इसलिए उन्होंने भी मेरे साथ वो दोहराया। अगर कोई उनके साथ उनकी महावारी में अलग व्यवहार करता, तो हो सकता है उनका व्यवहार मेरे साथ भी अलग होता, इसी लिए शायद वो पढ़ी-लिखी होकर भी आज भी अपने मस्तिष्क में माहवारी को गन्दा समझती हैं, और लोगों को नहीं बताती, इसीलिए कपड़े और पैड को छुपाती हैं, या काली थैली में बंद कर देती हैं, ताकि औरों को इसकी जानकारी ना हो, अगर सबको ये पता होता की किसी भी बच्चे का जन्म में इस माहवारी का क्या महत्व है, तो शायद आज हालात ऐसे नहीं होते।

ये एक चिंता का विषय है, इस पर हर घर में बातचीत होनी चाहिए। घर के हर व्यक्ति को माहवारी की जानकारी होना बहुत ही आवश्यक है। तभी हम औरतों की परेशानी को समझ पाएंगे और उनके साथ अच्छा व्यवहार कर पाएंगे। माहवारी को एक बहुत बड़ा “टैबू” बनाकर रख दिया गया है, जिसके करण हमारे समाज में लड़कियाँ अपनी बात, अपनी दिक्कतों को रखने से पहले ही डर जाती हैं, और फिर औरत बनने के बाद, उसे सब से छुपाती हैं। माहवारी में अपनी परेशानी छुपाने के कारण, महिलाएँ अक्सर कई बिमारियों का शिकार भी हो जाती हैं, उन महिलाओं में एक मैं भी हूँ।

गया में आई माहवारी के दौरान कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा और मुझे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) भी हो गया था, लगभग 20 दिनों तक बीमार रही, ना चल पाती थी, ना सो पाती, ना ही बैठ पाती थी, दर्द से दिन भर रोती रहती थी, पर मैं तो दिल्ली में रहती हूँ ना, और संस्था में काम करती हूँ। यहाँ मेरे साथियों ने मेरी परेशानियों को समझा, मुझे डॉक्टर के पास ले कर गए, दवा दिलाई, मेरा ख्याल रखा, मुझे ट्रैवल में दिक्कत ना हो इसलिए उन्होंने मुझे ऑफिस में रुकने को कहा, किसी ने ये नहीं कहा की जिस बिस्तर पर सोती हो उसे धो देना, बस ये कहा की “तुम आराम करो राधा, और जल्दी से ठीक हो जाओ, और कभी भी कोई दिक्कत हो बिना संकोच के फ़ोन करना, हम में से कोई आ जाएगा।” दिक्कत की बात ये है, की गया की उन महिलाओं, और उन जैसे इस देश की करोड़ो महिलाओं के पास ना ही दिल्ली के डॉक्टरों की सुविधा है, जब उनमें से कोई माहवारी के कारण बीमार पड़ जाती होगी? कैसी दशा होती होगी उनकी? क्या उन्हें कोई डॉक्टर के पास ले जाता होगा? अगर उन्हें ले कर भी जाता होगा तो उनका इलाज कैसा होता होगा? क्या वो ठीक हो पाती होंगी, या उस बीमारी, उन दिक्कतों के साथ ही रहती होंगी? सोचिए?

महिलायें माहवारी के कारण यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन्स (UTIs), प्रजनन संबंधी समस्याएं, और तनाव जैसी कई शारीरिक और मानसिक समस्याओं का सामना कर रही हैं और फिर भी समाज में माहवारी पर कोई बात ही नहीं करना चाहता। पुरुष हिचकिचाते हैं, और महिलायें छुपाती हैं, पर क्यों?

अगर किसी का पैर टूट जाए या सर फट्ट जाए तो तुरंत हॉस्पिटल ले जाते हैं, पर माहवारी के कारण जब कोई बीमार हो तब क्यों नहीं, सोचिए? सोचिए, जब महिलाएं अपना दुखदायी अनुभव और परेशानियों को छुपाती हैं, तो उन्हें किस तरह की शारीरिक और मानसिक दबाव से गुजरना पड़ता होगा? कोई छुपी बात नहीं है, माहवारी कई महिलाओं के मौत का कारण भी बन चुका है, फिर भी इस जानलेवा बीमारी के बारे में कोई बात नहीं करता, अगर कैंसर पर बात हो सकती है, तो माहवारी के करण हुई बीमारियों और उसके चलते होने वाली दिक्कतों पर क्यों नहीं? “मर्द-परमेश्वर”, सचिव मैडम, दादी अम्मा, जवाब दीजिए, महिलाओं की जान जाने के बाद भी माहवारी के विषय पर खुलकर बात क्यों नहीं की जाती है? हाल ही में भारत में स्वच्छ भारत अभियान और माहवारी स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाने वाले कार्यक्रम (जैसे कि सैनिटरी पैड वितरण) किये जा रहे हैं, लेकिन क्या गया ज़िले के, या उसके जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में यह जानकारी और जागरूकता है, और जिन्हें है क्या वो इसे लोगों तक पहुँचा रहे हैं? ये ज़रूरी है ग्रामीण क्षेत्रों में सभी को, चाहे वो महिला हो या पुरुष, “मर्द-परमेश्वर” हो या “सचिव मैडम”, सभी को मूलभूत स्वच्छता के बारे में शिक्षा देने की आवश्यकता है, और यह केवल जागरूकता और सब के सहयोग से ही संभव हो सकता है। महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में अगर एक कदम भी उठाया जाता है, तो यह अत्यंत ज़रूरी है की वो इस देश के हर गाँव, हर घर तक पहुँचे और औरतों को महसूस कराए: की वो देवी है, जिसे सब पूजते हैं। वो माँ है, जो सबको जन्म देती है, और वो खून भी उसी का एक हिस्सा है।

Author

  • राधा, राजस्थान के उदयपुर ज़िले से है। उन्होंने अपनी शिक्षा मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर से की है। वर्तमान में, वह वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी, कोटा से एम.ए. की पढ़ाई कर रही हैं। राधा को सामाजिक मुद्दों पर काम करना बेहद पसंद है, और यह उनका मुख्य रुचि क्षेत्र है। इसके अलावा, वे पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, पेपर इयरिंग्स बनाना, किताबें पढ़ना, थियेटर, और गायन में भी रुचि रखती हैं।

    View all posts
Exit mobile version