पल्लवी, पूजा और ज़ैनब:
सामाजिक परिवर्तन शाला (SSC) उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ज़िलों जैसे फैज़ाबाद, बहराइच, बनारस, जौनपुर, लखनऊ आदि में आयोजित होने वाली एक कार्यशाला है। इसमें अलग-अलग ज़िलों से आए प्रतिभागी शामिल होते हैं और सीखने की प्रक्रिया केवल किताबों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि चर्चा, समूह गतिविधियों, प्रस्तुतियों और अनुभवों के माध्यम से होती है।
इन शिविरों में अलग-अलग उम्र के लोग शामिल होते हैं, लगभग 16 से 40 वर्ष तक। बहुत से लोगों के लिए यह पहली बार होता है जब वे अपने ज़िले से बाहर जाकर किसी सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा बनते हैं। इससे अलग-अलग अनुभव, भाषा, सोच और जीवन की परिस्थितियाँ एक साथ सामने आती हैं। सभी को मिलकर समाज, इतिहास, विज्ञान और संविधान जैसे विषयों पर अपनी समझ बनाने व उस पर काम करने का अवसर मिलता है।
शिविरों में बिग बैंग थ्योरी के माध्यम से ब्रह्मांड की उत्पत्ति, पृथ्वी और मानव जीवन के विकास, आकाशगंगाओं और तारों के निर्माण जैसी प्रक्रियाओं को समझाया गया। इन चर्चाओं ने प्रतिभागियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सोचने की दिशा दी – कई के लिए यह पहली बार था जब उन्होंने दुनिया को किसी “चमत्कार” से नहीं बल्कि वैज्ञानिक प्रक्रिया और समय के विकास के रूप में समझा। इसके साथ ही समाज में निर्णय लेने की संरचना – गाँव, ज़िला और परिवार स्तर पर फैसले कैसे लिए जाते हैं, समाज में वर्ग, जाति और ऐतिहासिक बदलाव कैसे बने, और मानव समाज समय के साथ कैसे विकसित हुआ, आदि इस पर भी समझ विकसित की गई।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को समूहों में बाँटा गया। हर समूह को भाषण प्रस्तुति, अखबार विश्लेषण और खबर विश्लेषण जैसे कार्य दिए गए। हर कुछ दिनों में समूह बदल दिए जाते थे ताकि सभी प्रतिभागियों को अलग-अलग भूमिकाओं में सीखने का अवसर मिले। इन गतिविधियों के साथ-साथ खेल, समूह चर्चा और रचनात्मक अभ्यास भी कराए गए, जिससे टीमवर्क, संवाद और समाज को समझने की क्षमता विकसित हुई।
पूरे शिविर में एक बात बार-बार कही जाती थी, प्रश्न पूछना सीखो। हर चीज़ पर “क्यों”, “कैसे”, “क्या सबूत है” जैसे सवाल उठाओ। जो सुनो उसे सीधे मानो मत, खुद जाँचो, और अफवाहों से बचो।
इसी अनुभव के बाद कई लोगों ने यह समझना शुरू किया कि शिक्षा का मतलब सिर्फ जवाब देना नहीं, बल्कि सवाल करना भी है। और सीखने की प्रक्रिया में बच्चों को भी सीधे उत्तर देने के बजाय सोचने और खोजने का मौका देना ज़रूरी है।
व्यक्तिगत अनुभव: पल्लवी श्रीवास्तव
मैं उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रिसिया ब्लॉक के रायपुर गाँव की रहने वाली हूँ। पिछले दो वर्षों से मैं सरजू फाउंडेशन के साथ जुड़कर युवाओं के बीच शिक्षा, आजीविका और संवैधानिक मूल्यों पर काम कर रही हूँ।
सामाजिक परिवर्तन कार्यशाला के बारे में मुझे सरजू फाउंडेशन के माध्यम से जानकारी मिली। बताया गया कि यह कार्यशाला युवाओं की सोच और समझ को विकसित करने के लिए होती है। इसके बाद मैंने आवेदन किया और इसमें भाग लिया।
मेरे लिए यह अनुभव इसलिए महत्वपूर्ण रहा क्योंकि इसमें पहली बार मैंने समाज और विज्ञान को एक साथ जोड़कर समझा। बिग बैंग थ्योरी और मानव सभ्यता के विकास को समझने के बाद मेरी सोच और दृष्टिकोण बदलने लगे। समूह कार्यों में अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ निभाते हुए मैंने यह सीखा कि समाज को समझने के लिए केवल पढ़ना काफी नहीं है, बल्कि चर्चा और विश्लेषण भी ज़रूरी है।
इस अनुभव में बिग बैंग थ्योरी, पृथ्वी और मानव जीवन के विकास, आकाशगंगाओं और तारों के निर्माण जैसी प्रक्रियाओं को समझाया गया। इन चर्चाओं ने मेरे लिए यह समझ बदली कि दुनिया किसी चमत्कार से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और प्राकृतिक प्रक्रियाओं से बनी है। इस समझ ने मेरे देखने के तरीके में फर्क लाया।
फैज़ाबाद शिविर में मानव समाज के विकास, वर्गों और जातियों की उत्पत्ति, आर्यों के आगमन और ‘भारत एक खोज’ सीरीज के एपिसोड देखने जैसी गतिविधियों ने मेरे ऐतिहासिक और सामाजिक समझ को और मजबूत किया। हड़प्पा और सिंधु घाटी सभ्यता के बारे में जानकारी ने यह समझने में मदद की कि बहुत पहले भी एक व्यवस्थित और विकसित समाज मौजूद था। इसमें स्त्रियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण थी।
इस पूरे अनुभव ने मेरी सोच को अधिक वैज्ञानिक, तार्किक और समझने वाली बनाई।
व्यक्तिगत अनुभव: पूजा
मैं ग्रेजुएशन कर चुकी हूँ और पिछले 2 साल से बच्चों को पढ़ा रही हूँ। सामाजिक परिवर्तन शाला मेरे लिए एक अलग तरह का सीखने का अनुभव रहा।
पहला शिविर बनारस में हुआ, जहाँ मैं पहली बार पढ़ाई के उद्देश्य से अपने जिले से बाहर गई। अलग-अलग ज़िलों के लोगों से मिलना और उनकी भाषा-संस्कृति को समझना मेरे लिए नया अनुभव था। यहाँ 16 से 40 वर्ष तक के लोग एक साथ सीख रहे थे, जिससे मुझे यह महसूस हुआ कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती।
इस शिविर में मैंने बिग बैंग थ्योरी और ब्रह्मांड के विकास को पहली बार इतने सरल तरीके से समझा, जिससे मेरी सोच को नई दिशा मिली और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हुआ।
दूसरा शिविर फैज़ाबाद में हुआ, जहाँ मानव समाज के विकास, वर्गों और जातियों के निर्माण की प्रक्रिया समझाई गई। इसमें खेती, पशुपालन और शिकार आधारित समाजों के विकास को समझाया गया। सिंधु घाटी सभ्यता के बारे में जानकर यह समझ बना कि पहले भी एक व्यवस्थित और समृद्ध समाज था जहाँ जाति व्यवस्था नहीं थी।
पूरे शिविर में हमें बार-बार प्रोत्साहित किया गया कि हम प्रश्न पूछने की आदत डालें, हर बात पर “क्यों”, “कैसे”, “क्या सबूत है?” जैसे सवाल पूछें। जो सुनें, उसे खुद जाँचें। घटना के पीछे असली वजह ढूँढें और अफवाहों से बचें।
इस अनुभव के बाद मेरी सोच में बदलाव आया और मैंने शिक्षा को अधिक प्रक्रिया-आधारित तरीके से देखने की शुरुआत की, जहाँ बच्चों को सीधे उत्तर देने के बजाय उन्हें सोचने और खोजने के लिए प्रेरित किया जाए। क्योंकि मैं खुद बच्चों को पढ़ाती हूँ, इसलिए मुझे यह समझ बना कि शिक्षा में बदलाव लाने के लिए इन बातों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। जैसे:
- जब हम बच्चों को पढ़ाएँ तो किसी भी प्रश्न का सीधा उत्तर न दें, बच्चों से खोज करवाएँ।
- समूह में करने के लिए प्रोजेक्ट वर्क दें।
- “क्या होता अगर…” जैसे सवाल पूछें।
- वैज्ञानिकों की कहानियाँ सुनाएँ, उनकी गलतियाँ और संघर्ष भी बताएं।
- सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिली जानकारी और खबरों को परखें; कोई भी खबर शेयर करने से पहले सरकारी वेबसाइट या वैज्ञानिक स्रोत से क्रॉस चेक करें।
- समूह में चर्चा और वाद-विवाद की गतिविधियाँ ज़रूर करवाएँ।
इन सभी बातों को मुझे इस शिविर से सीखने का अवसर मिला। इनको सीखकर मैं भविष्य में औरों को जागरूक कर सकती हूँ। अभी तक मैंने ये बातें केवल दो शिविरों में सीखी हैं। इसी तरह के तीन और शिविर आगे होने बाकी हैं, जिनमें मुझे और भी सीखने और समझने का अवसर मिलेगा।
व्यक्तिगत अनुभव: ज़ैनब फातिमा
सामाजिक परिवर्तन शाला का हिस्सा होकर समझने का एक अलग ही नज़रिया बन रहा है। मैंने अभी तक दो शिविरों में भाग लिया है, जिनमें पहला शिविर मैंने बहराइच में किया था। इस शिविर से पहले मेरी समझ बहुत सीमित थी; मैं मानती थी कि इस दुनिया और इंसानों को भगवान ने सीधे चमत्कारिक रूप से बनाया है।
लेकिन शिविर में जब मैंने ब्रह्मांड की उत्पत्ति की वैज्ञानिक यात्रा को समझा, तो मेरी सोच का दायरा बदल गया। मुझे समझ आया कि दुनिया किसी जादू से नहीं, बल्कि अरबों वर्षों की क्रमिक वैज्ञानिक प्रक्रियाओं, भौतिकी के नियमों और प्राकृतिक विकास (Evolution) का परिणाम है। इस अनुभव ने मुझे एक तार्किक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण (Scientific Temperament) दिया।
दूसरा शिविर फैज़ाबाद में हुआ जिसमें हमने जाना की आदिमानव किस तरह अपना जीवन यापन करते थे और किस तरह दुनिया में धर्म की उत्पत्ति हुई तथा जाति, वर्ण व्यवस्था, गणराज्य और राजतंत्र का उदय हुआ।
इस सवाल का जवाब भी मुझे सामाजिक परिवर्तन शाला में शामिल होकर मिला कि समाज को बदलने के लिए पहले खुद को बदलना पड़ता है, और यह बदलाव कैसे और कहाँ से शुरू होता है। इस शाला ने मेरे जीवन जीने और सोचने के तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है।
- बढ़ता आत्मविश्वास: इस शाला में आने से पहले मेरे मन में कई झिझक थीं, लेकिन यहाँ के माहौल ने उन्हें तोड़ दिया। अब मैं सिर्फ अपनी बात स्पष्टता से रख पाती हूँ और मुश्किल मुद्दों पर भी अपनी राय देने से नहीं कतराती। इस आत्मविश्वास ने मुझे यह अहसास दिलाया कि मेरी आवाज़ में समाज को बदलने की ताकत है।
- गहरी होती समझ: अब मैं समस्याओं को ऊपर-ऊपर से नहीं देखती, बल्कि उनके पीछे के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और ढांचागत कारण समझने की कोशिश करती हूँ। जेंडर असमानता, अधिकार और समाज के नियम कैसे काम करते हैं, इन पर मेरी समझ बनी है।
- किशोरियों के साथ जुड़ाव: इस अनुभव का सबसे खूबसूरत हिस्सा किशोरियों के साथ जुड़ाव रहा। अलग-अलग जिलों से आई किशोरियों के साथ समय बिताकर यह समझ आया कि उनके साथ भरोसे और सुरक्षित माहौल में कैसे जुड़ा जाए।
- सच झूठ और सामाजिक कुरीतियों में परख: इस कार्यशाला से यह समझ आया कि जात-पात, ऊँच-नीच, भेदभाव समाज द्वारा बनाए गए ढांचे हैं। समाज में फैले सच और झूठ को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से परखना चाहिए, न कि बिना जाँचे स्वीकार करना चाहिए।
सामाजिक परिवर्तन शाला से मिले इस अनुभव ने मेरे भीतर लीडरशिप क्वालिटी को उभारा है। यहाँ से मिली समझ केवल किताबी नहीं है, बल्कि यह मेरे जीवन का हिस्सा बन चुकी है।
शिक्षण के शुरुआती दिनों में मेरा नज़रिया बहुत पारंपरिक था। उस समय मुझमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण (Scientific Temperament) की कमी थी। लेकिन बहराइच और फैजाबाद के शिविरों के अनुभवों और तार्किक समझ ने मेरी सोच की दिशा बदल दी। मुझे समझ आया कि दुनिया किसी जादू या चमत्कार से नहीं, बल्कि अरबों साल की क्रमिक वैज्ञानिक प्रक्रियाओं और भौतिकी के नियमों से बनी है।
अभी तक हमारे दो शिविर हो चुके हैं। अगले तीन शिविरों के लिए मैं बहुत उत्साहित हूँ। मैं आने वाले शिविर के लिए बहुत उत्साह और जिज्ञासा महसूस करती हूँ और अवध पीपुल्स फोरम की आभारी हूँ कि उनके माध्यम से मुझे इस शिविर में शामिल होने का अवसर मिला।

