Site icon युवानिया ~ YUVANIYA

चित्तौड़गढ़ में शंभू लाल भील के सामुदायिक प्रयास: स्वास्थ्य सेतु की एक रिपोर्ट

चित्तौड़गढ़ में शंभू लाल भील, स्वास्थ्य सेवाओं के लाभ पाने हेतु अति गरीब लोगों को शासकीय सेवाओं से जोड़ने के प्रयास में लगे हुए हैं। ये गाँव के पंच हैं और स्वास्थ्य सेतु साथी फेलो भी हैं। यह रिपोर्ट उनके द्वारा गत महीने में किए गए कार्यों के आधार पर उन्हीं के द्वारा बनाई गई है।

शंभू लाल भील:

1. गाँव होड़ा के 30 वर्षीय बीमार सुरेश भील को राजकीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर निशुल्क इलाज करवाया। सुरेश भील को 3 माह से पेट की बिमारी थी, जिसमें उसके पेट में बहुत दर्द होता था। वह अच्छे इलाज के लिए निजी अस्पताल गया, लेकिन कुछ दिन की राहत के बाद पुनः दर्द शुरू हो गया। सुरेश का निजी अस्पताल में 10-12 हज़ार रुपये ख़र्च हो गया। मैं उसे उदयपुर में पेट की बीमारियों के विशेष सरकारी डॉक्टर के पास उसे ले गया जहाँ निशुल्क दवा गोली मिली और वह एक दम स्वस्थ हो गया। अब वह पुनः कार्य करने लग गया है।

2. गाँव होड़ा के भील आदिवासी युवा संगठन के साथ बैठकर कर सामुदायिक भवन के लिए मांग की। इस गाँव में भील समाज के मोहल्ले में कोई सामूहिक बैठक या कार्यक्रम करने की जगह नहीं थी। सार्वजनिक व निजी कार्यक्रम में लोगो को सामुदायिक भवन का लाभ मिल सके इस लिए यह मांग हमने स्वयं उठाई। जिससे सार्वजनिक स्थान पर बैठ कर गाँव, मोहल्ले के लोग आपस में किसी भी समस्या को सबके सामने रख सकें और चर्चा कर सकें। यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है क्योंकि हमारे क्षेत्र में भील समुदाय के लोगों को पंचायत मीटिंग में एक ही जाजम पर नहीं बैठने दिया जाता है। यह बात हमें बहुत अपमानजनक लगती है। अपना सामुदायिक भवन होगा तो सब लोगो को पता चलेगा कि महिला, पुरुष एक साथ जाजम पर बैठ कर अपने सुख-दुख की बात कर सकते हैं।

3. गाँव होड़ा कि विधवा पतासी बाई भील की पैंशन चालु करवाई व श्रमिक कार्ड की योजनाओं के माध्यम से लाभ दिलाया, ताकी उसके परिवार को अच्छा स्वास्थ्य, शिक्षा उपलब्ध हो।

4. गाँव भेरूखेड़ा की शायरी बाई के लिए जनसहयोग व श्रम दान करके रहने की झोपड़ी बनवाई व विधवा प्यारी बाई भील और उसकी 11 वर्षीय पुत्री भेरी का जन आधार मे नाम जुड़वाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलवाया। अभी राजस्थान सरकार ने महंगाई राहत शिविरों में लोगों के पैंशनों में बढ़ोतरी की है, सभी के लिए :

क)- पैंशन को 500/-रु. से बढ़ाकर 1000/-रु. कर दिया गया है।
ख)- पालनहार योजना में 750/-रु. से बढ़ाकर 1500/-रु. कर दिया गया है।
ग)- सभी को स्वास्थ्य कार्ड, जिसमें 25 लाख रु.तक का मुफ्त इलाज।
घ)- उज्वल्ला योजना में गैस कनेक्शन वालों को 500/-रु. की सबसिडी।
च)- घरेलु व कृषि कनेक्शन फ्री कार्ड।

5. गणपत खेड़ा व भेरुखेड़ा में खाद्य सुरक्षा से वंचितों व मकानों के पट्टे के लिए 16 महिला व पुरुषों को लेकर कलेक्टर के मार्फत मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन दिया। उन्हें खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने पर जोर दिया, ताकी वह ज़रूरत पड़ने पर अपना मुफ़्त ईलाज करा सकें। इन कामों के लिए पूरा दिन और माह लग गया।

फोटो आभार: अमर उजाला

Author

  • शम्भु लाल भील, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ ज़िले से हैं। शंभू एक जागरूक युवा वार्ड पंच हैं और चित्तौड़गढ़ ज़िले में प्रतिरोध संस्था से जुड़कर, भील आदिवासियों की स्वास्थ्य संबंधित व अन्य समस्याओं को हल करने में लगे हैं। वे 'हमारा स्वास्थ्य हमारे हाथ' कार्यक्रम से जुड़े हैं।

    View all posts
Exit mobile version